सड़क पर खून से लथपथ मिला घायल, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम; वारदात के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
अमृतसर, STING OPERATION BUREAU। पंजाब के अमृतसर में शनिवार को दिनदहाड़े एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मैड संधू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मैड संधू पर शनिवार को अचानक गोली चलाई गई। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घायल हालत का वीडियो वायरल
वारदात के बाद घटनास्थल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मैड संधू सड़क पर खून से लथपथ और घायल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद घटना को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस वारदात से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है। हमलावर कौन थे और गोलीबारी के पीछे क्या कारण था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस द्वारा घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने अमृतसर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
