अतीक गैंग के शूटर और उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी तक ऐसे पहुंची प्रयागराज पुलिस
उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड बताए जा रहे मोहम्मद अरमान उर्फ अरमान बिहारी को प्रयागराज पुलिस ने गया सेंट्रल जेल से अपनी हिरासत में लिया है। पुलिस टीम 4 अक्टूबर को उसे गया से प्रयागराज लेकर पहुंची थी। अगले दिन 5 अक्टूबर को उसे एससी/एसटी सेशंस कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसकी ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी।

खास बात यह है कि जिस अरमान की प्रयागराज पुलिस लंबे समय से तलाश कर रही थी, वह फरार होकर कहीं छिपा नहीं था। वह पिछले तीन साल से ज्यादा समय से गया सेंट्रल जेल में एक दूसरे मामले में बंद था। पुलिस को जब उसके जेल में होने की जानकारी मिली, तो 30 सितंबर को टीम गया पहुंची। वहां अरमान की मौजूदा तस्वीर और अंगूठे के निशान भी लिए गए।
इसके बाद 1 अक्टूबर को पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड के लिए अदालत का रुख किया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे प्रयागराज लाया गया। अब उमेश पाल हत्याकांड की जांच में अरमान से पूछताछ को अहम माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, वारदात के दिन अरमान गुड्डू मुस्लिम के साथ मौजूद था। पुलिस का यह भी दावा है कि अरमान के संपर्क साबिर और अतीक-अशरफ के करीबी लोगों से रहे हैं। ऐसे में जांच एजेंसियां उसके जरिए इस नेटवर्क की कई कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही हैं, जिसका संबंध अतीक-अशरफ के करीबियों के साथ-साथ फरार बताए जा रहे गुड्डू मुस्लिम और साबिर से भी जोड़ा जा रहा है।
अतीक के करीबी नेटवर्क तक कैसे पहुंचा अरमान?
बिहार के गया निवासी अरमान साल 2012 में प्रयागराज आया था। यहां कैंटोनमेंट थाना क्षेत्र में उसने कबाब-पराठे की एक छोटी दुकान शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान उसकी पहचान गुड्डू मुस्लिम से हुई। उस समय गुड्डू मुस्लिम थोक में चिकन सप्लाई करने का काम करता था।
दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने के बाद अरमान ने अपनी दुकान छोटे भाई इमरान को सौंप दी और गुड्डू मुस्लिम के साथ रहने लगा। पुलिस अब उसके पुराने संपर्कों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि उमेश पाल हत्याकांड से जुड़े नेटवर्क की अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके।
