मुंबई/अमृतसर। (STING OPERATION B BUREAU)-अमेरिकन-इंडियन रैपर और सिंगर राजा कुमारी ने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को अपने नए पंजाबी ट्रैक ‘ग्यारह’ के जरिए भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है। MTV हसल सीजन 5 में पेश किए गए इस गाने के माध्यम से उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की संगीत विरासत और इंडिपेंडेंट म्यूजिक में उनके योगदान को याद किया।
राजा कुमारी के मुताबिक, ‘ग्यारह’ का रिश्ता सिद्धू मूसेवाला से काफी पुराना है। सिद्धू के निधन से पहले दोनों इस गाने को लेकर बातचीत कर रहे थे और साथ काम करने का सपना देख रहे थे, लेकिन उनका यह प्रोजेक्ट अधूरा रह गया।
‘जूम’ को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में राजा कुमारी ने सिद्धू के साथ काम करने की यादें साझा करते हुए बताया कि 2021 में दोनों ने ‘यूएस’ नामक गाने पर साथ काम किया था। इसी दौरान सिद्धू ने उनकी आवाज को पंजाबी भाषा में सुनने की इच्छा जाहिर की थी।
राजा कुमारी ने बताया कि बातचीत आगे बढ़ने के साथ दोनों के बीच एक नए पंजाबी गाने को लेकर विचार-विमर्श शुरू हुआ। हालांकि, सिद्धू मूसेवाला की असामयिक मृत्यु के कारण यह सहयोग पूरा नहीं हो सका। अब ‘ग्यारह’ के जरिए राजा कुमारी ने उस अधूरे सपने को एक भावनात्मक संगीत श्रद्धांजलि का रूप दिया है।
राजा कुमारी का यह कदम सिद्धू मूसेवाला के प्रशंसकों के लिए भी खास माना जा रहा है। उनके अनुसार, सिद्धू केवल एक लोकप्रिय पंजाबी कलाकार ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने इंडिपेंडेंट म्यूजिक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
